अल्मोड़ा: शीतकालीन मौसम के आगमन को देखते हुए अल्मोड़ा ट्रैफिक पुलिस ने नगर की यातायात व्यवस्था में आंशिक संशोधन किया है। जिसमें कल 1 नवंबर 2026 से प्रभावी होने वाली इस नई व्यवस्था के तहत विभिन्न मार्गों पर वन-वे के समय में बदलाव किया गया है, ताकि आमजन और यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रमुख बदलाव और नया समय
1. माल रोड: प्रातः 08:00 बजे से सायं 07:00 बजे तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान लक्ष्मेश्वर से शिखर की ओर चौपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
2. एल.आर. शाह रोड: शिखर से एन.टी.डी. की तरफ चौपहिया वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। यहाँ वन-वे व्यवस्था प्रातः 08:00 बजे से सायं 08:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
3. लिंक रोड/टैक्सी स्टैंड तिराहा: यहाँ से चौघानपाटा और करबला की तरफ प्रातः 08:00 बजे से सायं 07:00 बजे तक चौपहिया वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
4. लक्ष्मेश्वर तिराहा: लक्ष्मेश्वर तिराहे से शिखर की ओर भी प्रातः 08:00 बजे से सायं 07:00 बजे तक चौपहिया वाहनों की नो-एंट्री (वन-वे) रहेगी।
5. रविवार को राहत: माल रोड पर प्रत्येक रविवार को वन-वे व्यवस्था लागू नहीं रहेगी।
पुलिस की अपील
अल्मोड़ा पुलिस ने सम्मानित जनता से अपील की है कि शीतकालीन समय सारणी के अनुसार यातायात नियमों का पालन करें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम व सुव्यवस्थित बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।