उत्तराखंड: उत्तराखंड के देहरादून सीआईडी (अपराध अनुसंधान विभाग) में तैनात उप निरीक्षक लोकेन्द्र बहुगुणा को विवेचना (जांच) के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और सराहनीय कार्यों के लिए वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक’ से सम्मानित किया जाएगा।
किया जाएगा सम्मानित
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, उप निरीक्षक बहुगुणा को यह उपलब्धि वर्ष 2021 के एक बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने के लिए दी जा रही है। दरअसल वर्ष 2021 में देहरादून में पांच वर्षीय एक मासूम बालिका के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की दर्दनाक घटना सामने आई थी। इस केस की जांच बेहद जटिल और चुनौतीपूर्ण थी। लोकेन्द्र बहुगुणा ने इस सनसनीखेज मामले की तह तक जाने के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का बेहद बारीकी से इस्तेमाल किया और पूरी निष्ठा के साथ सफलतापूर्वक विवेचना पूरी की। उनकी इस मजबूत और पुख्ता विवेचना के आधार पर ही न्यायालय ने मामले में दोषी अभियुक्त को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी, जिससे पीड़िता को न्याय मिल सका।
पुलिस महानिदेशक ने दी बधाई
उप निरीक्षक लोकेन्द्र बहुगुणा की इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने गहरी सराहना व्यक्त की है।