अल्मोड़ा: धनतेरस-दीपावली पर यातायात व्यवस्था में बदलाव, कल 6 से 8 नवंबर तक भारी वाहनों के रूट डायवर्ट, पढ़ें पूरी पुलिस एडवाइजरी

​अल्मोड़ा: धनतेरस और दीपावली के त्यौहारों के दौरान नगर में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ और संभावित जाम से निपटने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।

यातायात व्यवस्था में बदलाव

जिस पर कल 06 नवंबर से 08 नवंबर 2026 तक शहर के भीतर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी नए यातायात नियमों के अनुसार, इस दौरान प्रमुख मार्गों पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित और डायवर्ट किया जाएगा। जलाल तिराहे से लिंक रोड की ओर जाने वाले सभी चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा। इन वाहनों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में बेस तिराहा-करबला होते हुए अल्मोड़ा नगर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।‌ फायर स्टेशन से शिखर तिराहे की ओर आने वाले सभी चार पहिया वाहनों को पूरी तरह से डायवर्ट किया जाएगा। यह वाहन एनटीडी (NTD) से धारानौला अथवा सेल बैंड होते हुए नगर में प्रवेश कर सकेंगे। त्यौहारों के दौरान बाजारों में अचानक भीड़ बढ़ने पर पुलिस यातायात व्यवस्था में मौके पर ही आंशिक संशोधन कर सकती है। इसके अतिरिक्त, शहर की शेष यातायात व्यवस्था पहले की तरह यथावत संचालित रहेगी।

​जनता से पुलिस की अपील

अल्मोड़ा पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे त्यौहारों के दौरान यातायात को सुव्यवस्थित रखने में पुलिस का सहयोग करें और निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें, ताकि किसी को भी आवाजाही में परेशानी का सामना न करना पड़े।