अल्मोड़ा: अनूठी पहल: आत्मनिर्भर बनेंगी पहाड़ की महिलाएं, जिले के 13 गांवों के तीन क्लस्टर में विकसित होंगे ‘आदर्श मैरीगोल्ड विलेज’, बंदरों के आतंक का तोड़ बनेगी गेंदे की खेती

​अल्मोड़ा: पहाड़ में बंदरों और जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक से प्रभावित हो रही पारंपरिक खेती के बीच किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की गई है।

मिलेगा लाभ

जानकारी के अनुसार जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, कोसी-कटारमल ने जलवायु अनुकूल पुष्प खेती को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन से जोड़ने की एक विशेष योजना तैयार की है। संस्थान की इस प्रस्तावित तीन वर्षीय परियोजना का मुख्य उद्देश्य गेंदा फूल की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देना है। इसके तहत अल्मोड़ा जिले के 13 गांवों को तीन क्लस्टर— जागेश्वर (धौलादेवी), चितई-कसारदेवी और कटारमल (हवालबाग) में शामिल किया गया है। योजना के अनुसार, प्रत्येक क्लस्टर में एक ‘आदर्श मैरीगोल्ड विलेज’ (आदर्श गेंदा ग्राम) विकसित किया जाएगा।

​मंदिरों की मांग से जुड़ेगा स्थानीय उत्पादन

इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि फूलों के उत्पादन को जागेश्वर, चितई और कसारदेवी जैसे प्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटन स्थलों की स्थानीय मांग से जोड़ा जाएगा। इससे मंदिरों में चढ़ावे के लिए फूलों की नियमित आपूर्ति स्थानीय स्तर पर ही हो सकेगी और काश्तकारों को अपने उत्पाद बेचने के लिए दूर के बाजारों का रुख नहीं करना पड़ेगा। बताया कि योजना के माध्यम से 30 ग्रामीण महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभार्थी के रूप में जोड़ा जाएगा, जबकि 500 से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार और लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। चयनित महिलाओं को फूल उत्पादन, पौधशाला (नर्सरी) प्रबंधन, जैविक खेती, फूलों की तुड़ाई के बाद रखरखाव, मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) और उद्यमिता का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

निभाएंगे भूमिका

​इस पूरी मुहिम में ‘माउंटेन एसोसिएशन ऑफ नियो इंटीग्रेटेड इन सेंट्रल हिमालय’ (मंच) सहयोगी संस्था के रूप में ग्रामीणों को संगठित करने, प्रशिक्षण देने और बाजार से संपर्क स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।