उत्तरकाशी: राज्योत्सव की धूम: चिन्यालीसौड़ में शुरू हुआ वाटर पैरासेलिंग, साहसिक पर्यटन को मिल रही नई उड़ान

उत्तरकाशी: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष (राज्योत्सव) के उपलक्ष्य में जिले में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं को जल क्रीड़ा (वाटर स्पोर्ट्स) से जोड़ने की कवायद तेज हो गई है।

कवायद तेज

इसी कड़ी में गुरुवार को टिहरी बांध की झील (चिन्यालीसौड़) में दो दिवसीय वाटर पैरासेलिंग इवेंट का आगाज हुआ। जिसमें जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनपद में जल आधारित साहसिक पर्यटन की नई संभावनाओं को विकसित करना और पर्यटकों को आकर्षित करना है।

​कयाकिंग प्रशिक्षण के बाद अब होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता

साहसिक खेलों की इसी श्रृंखला में पर्यटन विभाग द्वारा जोशियाड़ा झील में 11 से 13 नवंबर तक तीन दिवसीय बेसिक कयाकिंग प्रशिक्षण पाठ्यक्रम चलाया जा रहा है। इसमें प्रतिभागियों को कयाकिंग की बारीकियों, सुरक्षा मानकों और व्यावहारिक कौशलों की ट्रेनिंग दी जा रही है। प्रशिक्षण के समापन के बाद 14 नवंबर को जोशियाड़ा झील में ही जिला स्तरीय कयाकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

​गोष्ठियों में दी योजनाओं की जानकारी

वहीं राज्योत्सव के तहत रामलीला मैदान में गुरुवार को विभिन्न विभागों की ओर से जागरूकता गोष्ठियों का आयोजन किया गया, जिसमें आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय लोक कला और परंपराओं की छटा बिखेरी।