नैनीताल: वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली व भीमताल के लिए यातायात प्लान लागू, भारी वाहन व दोपहिया प्रतिबंधित, जानें 14 व 15 नवंबर को किन रूटों से होगा डायवर्जन

​नैनीताल: आज व कल वीकेंड और अवकाश के चलते कैंची धाम, भवाली तथा भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यातायात शाखा भवाली/भीमताल द्वारा जारी यह व्यवस्था 14 और 15 नवंबर को प्रभावी रहेगी।

​भारी वाहन और टैक्सी-दोपहिया पर प्रतिबंध

• ​भारी वाहन: सुबह 3:00 बजे से रात 11:00 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा।
• ​टैक्सी व दोपहिया वाहन: वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों (पीली नंबर प्लेट सहित) का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

​बसों और चौपहिया वाहनों के लिए रूट डायवर्जन (सुबह 5:00 से रात 8:00 बजे तक)

• ​पहाड़ से मैदान की ओर: अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों को जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
• ​मैदान से पहाड़ की ओर: हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड (भीमताल), धारी और धनाचूली बैंड मार्ग से भेजा जाएगा।
• ​रानीखेत जाने वाले वाहन: काठगोदाम से रानीखेत की ओर जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से डायवर्ट होकर मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग से गुजरेंगे।

​पार्किंग और शटल सेवा

• ​वाया भीमताल आने वाले निजी वाहन: श्रद्धालु अपने वाहन भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग में खड़े करेंगे और वहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली/कैंची धाम मंदिर तक जाएंगे।
• ​वाया ज्योलीकोट-गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहन: इन मार्गों से आने वाले निजी वाहन भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क किए जाएंगे। यहां से मंदिर तक जाने के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

​वैकल्पिक व्यवस्था

• ​भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी या बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन वाया दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
• ​भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत या कैंची धाम की ओर जाने वाले वाहन नैनी बैंड प्रथम, सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग और शिप्रा पुल (भवाली) होते हुए आगे बढ़ेंगे।

​पुलिस की अपील

नैनीताल पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि वे अनावश्यक जाम और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग और शटल व्यवस्था का पालन करें तथा यातायात को सुगम व सुरक्षित बनाने में पुलिस का सहयोग करें।