चमोली: विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आगामी सोमवार, 16 नवंबर को रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
बंद हुए यह कपाट
इसी क्रम में कपाट बंद होने की प्रक्रिया के अंतर्गत गुरुवार से ‘पंच पूजाएं’ शुरू हुई। जिसके दूसरे दिन शुक्रवार को श्री आदिकेदारेश्वर मंदिर तथा श्री आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कपाट मंगल के द्वितीय दिवस पर अपराह्न सवा दो बजे विशेष पूजा-अर्चना शुरू हुई। बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने दोनों मंदिरों में विधिवत पूजा कर भगवान को पके चावलों का भोग अर्पित किया। इस दौरान नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर आचार्य सेमवाल, डॉ. रवींद्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी, डॉ. अमित बंदोलिया सहित पुजारी बदरी भट्ट, सोनू भट्ट और किशोर भट्ट ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। मुख्य आरती के पश्चात अपराह्न सवा दो बजे श्री आदिकेदारेश्वर मंदिर और इसके तुरंत बाद ढाई बजे श्री आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।