उत्तराखंड: बदरीनाथ धाम में पंच पूजाओं के तीसरे दिन खड्ग-पुस्तक पूजा संपन्न, वेद ऋचाओं का वाचन बंद, कल बंद होंगे धाम के कपाट

​उत्तराखंड: विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में शनिवार को पंच पूजाओं के तीसरे दिन मंदिर में वेद ऋचाओं का वाचन विधिवत रूप से बंद कर दिया गया।

कल बंद होंगे कपाट

इस अवसर पर खड्ग पूजा और पुस्तक पूजा संपन्न हुई, जिसके बाद वेद एवं उपनिषदों की पुस्तिकाओं को पूजा-अर्चना कर निर्धारित स्थान पर विराजमान कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि आगामी कार्यक्रमों के तहत रविवार (15 नवंबर) को माता लक्ष्मी को बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान होने का औपचारिक आमंत्रण दिया जाएगा। इसके पश्चात सोमवार, 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शुभ मुहूर्त में भगवान बदरीविशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
​