अल्मोड़ा: पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा का गंभीर आरोप—कहा, मंत्री पर 210 करोड़ की बेनामी संपत्ति का मामला, उठाई बर्खास्तगी की मांग

​अल्मोड़ा: पूर्व राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप टम्टा ने अल्मोड़ा में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश सरकार की एक कैबिनेट मंत्री की संपत्तियों को लेकर कई बड़े सवाल खड़े किए।

उच्चस्तरीय जांच की मांग

जिस पर प्रदीप टम्टा के अनुसार, मंत्री के खिलाफ करीब 210 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति का मामला सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये आरोप विपक्ष या कांग्रेस पार्टी द्वारा नहीं लगाए गए हैं, बल्कि स्वयं मंत्री के पति ने ही ये बातें उजागर की हैं। मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए टम्टा ने कहा कि करीब 100 करोड़ रुपये की एक आलीशान संपत्ति (महल) का मामला भी चर्चा में है, जिसमें मंत्री और उनके नाबालिग बच्चों की हिस्सेदारी बताई जा रही है। इस पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए पूर्व सांसद ने पूछा कि नाबालिग बच्चों के पास इतनी अधिक आय कहां से आई कि वे अपनी कंपनी बना सकें? प्रदीप टम्टा ने संवैधानिक और नैतिक पहलुओं को उठाते हुए सवाल किया कि क्या मंत्री पद पर रहते हुए निजी कंपनियां बनाई जा सकती हैं, और क्या उन कंपनियों व सरकार के बीच हुए कथित लेन-देन से पद एवं गोपनीयता की शपथ का उल्लंघन नहीं हुआ है। ​प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की घोषणा करने की मांग की। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि जांच प्रभावित न हो, इसके लिए जांच पूरी होने तक संबंधित मंत्री को मंत्रिमंडल से तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए।
​