अल्मोड़ा: बेटी के रोने पर पति की टोक से आहत विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम, फंदे से लटककर दी जान

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में दस माह की मासूम बेटी के रोने पर पति की मामूली फटकार से आहत होकर 23 वर्षीय विवाहिता ने कमरे के अंदर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

जीवन लीला की समाप्त

इस घटना के बाद से गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। ताकुला चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि यह दुखद घटना कोट्यूड़ा के तोक कोसिलधार गांव की है। प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि शुक्रवार को 23 वर्षीय पूजा घर के बाहर बैठी हुई थी, जबकि उसकी दस माह की बेटी अंदर कमरे में सो रही थी। इसी दौरान बच्ची जागकर रोने लगी। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पूजा के पति दिनेश कुमार उसे गोद में लेकर बाहर आए और बच्ची का ध्यान न रखने को लेकर पूजा को टोक दिया। जिस पर वह नाराज होकर कमरे के अंदर चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। वहीं, दिनेश बच्ची को लेकर पुराने घर की तरफ चला गया। जब काफी देर तक पूजा कमरे से बाहर नहीं निकली, तो उसकी सास ने आवाज लगाते हुए दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर सास ने खिड़की से झांककर देखा, तो अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। पूजा का शव एक डंडे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। शोर मचाने पर परिजन मौके पर जुटे और आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर पूजा को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही ताकुला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
​
जांच कर रही पुलिस

चौकी प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मृतका का पति दिनेश लखनऊ में नौकरी करता है और हाल ही में दीपावली की छुट्टियों पर घर आया था। पुलिस का कहना है कि मामले में फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।