रूद्रप्रयाग: शीतकाल के लिए बंद हुए द्वितीय केदार मध्यमहेश्वर धाम के कपाट, 19 नवंबर को ऊखीमठ पहुंचेगी उत्सव डोली

रूद्रप्रयाग: शीतकाल के लिए बंद हुए द्वितीय केदार मध्यमहेश्वर धाम के कपाट, 19 नवंबर को ऊखीमठ पहुंचेगी उत्सव डोली

​रुद्रप्रयाग: पंचकेदारों में द्वितीय केदार के रूप में विख्यात भगवान श्री मध्यमहेश्वर धाम के कपाट आज सोमवार, 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

कपाट शीतकाल के लिए बंद

जिस पर आज प्रातः 8:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ कपाट बंद होने की प्रक्रिया संपन्न हुई। इस अवसर पर मंदिर परिसर भगवान मध्यमहेश्वर के जयकारों से गूंज उठा और इसी के साथ इस वर्ष की मध्यमहेश्वर धाम यात्रा का औपचारिक समापन हो गया। कपाट बंद होने के बाद भगवान मध्यमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हो गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार, डोली विभिन्न पड़ावों पर रात्रि विश्राम करते हुए 19 नवंबर को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी।
• ​16 नवंबर: मध्यमहेश्वर धाम से प्रस्थान कर प्रथम रात्रि विश्राम के लिए गौण्डार गांव पहुंचेगी।
• ​17 नवंबर: गौण्डार से रवाना होकर राकेश्वरी मंदिर, रांसी में विश्राम करेगी।
• ​18 नवंबर: रांसी से प्रस्थान कर गिरिया गांव पहुंचेगी और रात्रि विश्राम वहीं होगा।
• ​19 नवंबर: गिरिया गांव से चलकर डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान होगी।
​
होगी पूजा अर्चना

ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ डोली का भव्य स्वागत और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। आगामी छह महीनों तक शीतकाल के दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में ही भगवान मध्यमहेश्वर के दर्शन एवं पूजन कर सकेंगे।

रहें मौजूद

कपाट बंद होने के मौके पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सदस्य डॉ. विनीत चंद्र पोस्ती, कोतवाली ऊखीमठ के प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी, स्थानीय हक-हकूकधारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।