अल्मोड़ा: स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त, स्कूली वाहनों का सघन चेकिंग अभियान शुरू, जानें क्या-क्या हो रहा चेक

​अल्मोड़ा: स्कूली बच्चों और आम यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने कमर कस ली है। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में पूरे जनपद में स्कूली वाहनों और यात्री बसों के खिलाफ एक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस का अभियान

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों पर अंकुश लगाना और वाहनों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराना है।
​अभियान के तहत पुलिस की विभिन्न टीमें जनपद के मुख्य मार्गों और चौराहों पर स्कूल बसों, वैन, कैब और यात्री बसों को रोककर उनकी बारीकी से जांच कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा न केवल वाहनों के वैध दस्तावेजों (आरसी, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट और बीमा) व चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की पड़ताल की जा रही है, बल्कि वाहनों के भीतर मौजूद सुरक्षा उपकरणों का भी भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। चेकिंग के दौरान पुलिस का विशेष ध्यान इस बात पर है कि वाहनों में इमरजेंसी गेट सुचारू रूप से काम कर रहे हैं या नहीं। इसके अतिरिक्त, वाहनों में अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) और फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता की भी जांच की जा रही है। साथ ही, ओवरलोडिंग पर लगाम लगाने के लिए पुलिस यह भी सुनिश्चित कर रही है कि किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों या सवारियों को न बैठाया जाए।
​
की जाएगी कार्रवाई

इस संबंध में पुलिस प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधनों, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहनों में सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण और वैध कागजात हर समय दुरुस्त रखें तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, अन्यथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।