अल्मोड़ा: राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और एनएचसीएक्स पर कार्यशाला का आयोजन, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को गति देने पर जोर

​अल्मोड़ा: राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा में मंगलवार को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) और नेशनल हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज (NHCX) को लेकर एक संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का आयोजन

जिसमें उत्तराखंड में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की राज्य मिशन निदेशक रीना जोशी के दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जी.एस. तित्याल ने की। कार्यशाला के दौरान, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन उत्तराखंड की प्रबंधक प्रज्ञा पालीवाल ने स्वास्थ्य अभिलेखों के डिजिटलीकरण और एनएचसीएक्स के जरिए स्वास्थ्य बीमा दावों के निपटारे की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके साथ ही, मेडिकल कॉलेजों में इस मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से भी सभी को अवगत कराया गया। इस दौरान जनपद की मॉडल स्वास्थ्य संस्था के रूप में राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा की भूमिका को लेकर भी विशेष चर्चा हुई।

​रहा जोर

जिसमें सभी स्वास्थ्य पेशेवरों का हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स रजिस्ट्री (HPR) में जल्द से जल्द पंजीकरण पूरा करना, ओपीडी पंजीकरण के लिए ‘स्कैन एंड शेयर’  सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करना, मरीजों के स्वास्थ्य अभिलेखों को डिजिटल रूप में तैयार कर उनके आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाते (ABHA) से जोड़ना, एनएचसीएक्स के माध्यम से स्वास्थ्य बीमा दावों की प्रक्रिया को सुगम बनाना रहा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डिजिटल तकनीकों के उपयोग से ओपीडी पंजीकरण, मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड के प्रबंधन और बीमा दावों की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाना है।
​
रहें उपस्थित

इस अवसर पर कार्यशाला में राज्य टीम से प्रज्ञा पालीवाल, अमृत पोखरियाल और अमन सिंह तथा मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी.सी. पुनेरा, डॉ. अनिल पांडे, डॉ. दीपक जोशी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, नर्सिंग कर्मी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।