उत्तराखंड: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने प्रदेश के विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ के अंतर्गत वर्दीधारी सिपाही के कुल 1694 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है।
25 नवंबर से आवेदन शुरू
इसके लिए इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जाकर 25 नवंबर से 25 दिसंबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
• आवेदन शुरू होने की तिथि: 25 नवंबर, 2026
• आवेदन की अंतिम तिथि: 25 दिसंबर, 2026
• आवेदन में संशोधन की अवधि: 28 से 30 दिसंबर, 2026
• लिखित परीक्षा की संभावित तिथि: 04 अप्रैल, 2027
किन विभागों में कितने पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत पुलिस, वन, कारागार, सचिवालय, आबकारी और परिवहन विभाग में नियुक्तियां की जाएंगी।
• उत्तराखण्ड जनपदीय पुलिस आरक्षी (पुरुष): 464 पद
• उत्तराखण्ड आरक्षी पीएसी/आईआरबी (पुरुष): 284 पद
• उत्तराखण्ड जनपदीय पुलिस आरक्षी (महिला): 238 पद
• फायरमैन (अग्निशामक – पुरुष/महिला): 201 पद
• वन आरक्षी (फॉरेस्ट गार्ड): 171 पद
• बंदीरक्षक (पुरुष): 117 पद
• स्पेशल टाइगर गार्ड्स: 75 पद
• सचिवालय रक्षक: 54 पद
• आबकारी सिपाही: 45 पद
• महिला बंदीरक्षक: 27 पद
• परिवहन आरक्षी: 18 पद
दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
अभ्यर्थियों का चयन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 100 अंकों की शारीरिक मानक और शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) होगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए 100 अंकों की ऑफलाइन वस्तुनिष्ठ (MCQ) लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें गलत उत्तर पर एक-चौथाई (1/4) नकारात्मक अंकन (नेगेटिव मार्किंग) होगा। अंतिम मेरिट सूची लिखित परीक्षा के 75 प्रतिशत और शारीरिक दक्षता परीक्षा के 25 प्रतिशत भारांश (वेटेज) के आधार पर तैयार होगी।