उत्तराखंड: उत्तराखंड शासन ने मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के छह अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में महत्वपूर्ण फेरबदल किया है।
शासन ने किया फेरबदल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नितेश कुमार झा से पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है, जबकि सी. रविशंकर को सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारियों के शेष अन्य दायित्व यथावत बने रहेंगे। शासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती का कार्यभार ग्रहण करें।
प्रमुख बदलाव
• नितेश कुमार झा (2002 बैच): इन्हें सचिव, पंचायती राज विभाग के पदभार से अवमुक्त कर दिया गया है। हालांकि, वह सचिव, शहरी विकास विभाग का दायित्व पहले की तरह संभालते रहेंगे।
• सी. रविशंकर (2009 बैच): इन्हें वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ सचिव, सैनिक कल्याण विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
• युगल किशोर पंत: इन्हें सचिव, सैनिक कल्याण विभाग के पदभार से अवमुक्त किया गया है।
• उमेश नारायण पाण्डेय: इन्हें नया सचिव, पंचायती राज विभाग नियुक्त किया गया है।
• विनीत कुमार: इन्हें निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण (देहरादून) और प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम के पद पर तैनात किया गया है।
• दीप्ति सिंह: इन्हें निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण और प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम के दायित्व से अवमुक्त कर दिया गया है।