रामनगर: देवउठनी एकादशी और बाबा खाटू श्याम के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर पीरूमदारा में भव्य धार्मिक आयोजन और प्रसाद वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
उमड़े श्रद्धालु
श्री शिव मंदिर समिति एवं खाटू श्याम समिति पीरूमदारा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। इस दौरान बाबा श्याम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा खाटू श्याम की विधिवत पूजा-अर्चना और भव्य आरती के साथ किया गया। बाबा श्याम के जन्मदिन के उपलक्ष्य में समिति के पदाधिकारियों व भक्तों ने मावे का विशेष केक काटकर बाबा को भोग लगाया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को केक और अन्य मिष्ठान का प्रसाद वितरित किया गया।
किया सहयोग
इस धार्मिक आयोजन में श्री शिव मंदिर समिति के विधिक सलाहकार एवं रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन के महासचिव एडवोकेट डॉ. मनु अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, अवनीत अग्रवाल, विशाल तनेजा, विकास पाल, मनोज रावत, भगत सैनी और हिमांशु रावत सहित कई गणमान्य लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और प्रसाद वितरण में सहयोग किया। प्रातः से ही शुरू हुए इस कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर बाबा के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के माध्यम से मंदिर समितियों ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।