नैनीताल: जनमिलन कार्यक्रम: एसएसपी नैनीताल ने पाटकोट व रामपुर में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, बुजुर्गों को दिया सुरक्षा का भरोसा

​नैनीताल: नैनीताल जिले के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने आज रविवार को जनमिलन कार्यक्रम के तहत कोटाबाग के दूरस्थ पाटकोट और रामपुर गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने और पुलिस की ओर से हरसंभव मदद व सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

​किया सीधा संवाद

कार्यक्रम के दौरान SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने ग्रामीणों को चौकी प्रभारी कोटाबाग और चौकी प्रभारी बैलपड़ाव के मोबाइल नंबर साझा किए, ताकि किसी भी आपात स्थिति या समस्या में लोग सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें। इस अवसर पर ग्राम प्रधान रमेश चंद्र, पूर्व ग्राम प्रधान और अन्य स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे। SSP ने चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर वरिष्ठ नागरिकों—विशेषकर अकेले रहने वाले बुजुर्गों—से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम पूछें और जरूरत पड़ने पर सहायता करें।

​स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण

भ्रमण के क्रम में SSP नैनीताल ने क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और स्वास्थ्यकर्मियों व स्टाफ से उनकी समस्याएं एवं जरूरतें जानीं। उन्होंने स्टाफ को सुरक्षा व सहयोग का आश्वासन दिया। इसके बाद स्वास्थ्य केंद्र में चल रहे अभियान के तहत आयोजित कैंप का भी जायजा लिया। यहां उन्होंने बच्चों व उनके अभिभावकों से बातचीत की, बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और स्थानीय लोगों के सुझाव लिए।

​होमस्टे का दौरा और ग्रामीण पर्यटन पर चर्चा

SSP ने क्षेत्र के एक स्थानीय होमस्टे का भी भ्रमण किया, जहां उन्होंने कुमाऊंनी व्यंजनों और पहाड़ी उत्पादों का स्वाद चखा। होमस्टे संचालकों से चर्चा के दौरान उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, उनकी पहचान बनाने और ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। साथ ही संचालकों व स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनकर सहयोग का भरोसा दिया।

​साइबर ठगी को लेकर किया जागरूक

जनमिलन के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति भी सचेत किया गया। उन्हें बताया गया कि नैनीताल पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चला रही है और किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए।
​

रहें उपस्थित

इस भ्रमण के दौरान चौकी प्रभारी कोटाबाग उ0नि0 देवेन्द्र राणा, चौकी प्रभारी बैलपड़ाव उ0नि0 राजवीर सिंह नेगी सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।