उत्तराखंड: उत्तराखंड के कैंसर मरीजों को अब कीमोथेरेपी और डे केयर उपचार के लिए बड़े शहरों व मेडिकल कॉलेजों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
मरीजों को राहत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग ने पहले चरण में चार जिलों में डिस्ट्रिक्ट डे केयर कैंसर सेंटर (डीसीसीसी) शुरू कर दिए हैं। जिसमें विभाग के अनुसार, जल्द ही यह सुविधा प्रदेश के सभी जिलों में उपलब्ध कराई जाएगी। राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के तहत देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर (यूएसनगर) और पौड़ी गढ़वाल के अस्पतालों में ये केंद्र शुरू किए गए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत इन केंद्रों पर सुरक्षित उपचार सुनिश्चित करने के लिए डॉक्टरों और नर्सिंग अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेजों को रेफरल के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज और सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी के प्राचार्यों को पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं कि उनके यहां उपचाररत ऐसे कैंसर मरीजों को उनके गृह जनपद के डे केयर सेंटर में रेफर किया जाए, जिन्हें इंटरमीडिएट कीमोथेरेपी सेशन या डे केयर सेवाओं की आवश्यकता है।
पहला चरण: शुरू हुए डे केयर सेंटर और नामित चिकित्सक
• देहरादून(कोरोनेशन जिला अस्पताल): डॉ. मनीष शर्मा
• हरिद्वार(उप जिला अस्पताल, रुड़की): डॉ. शैलेश तिवारी
• यूएसनगर(जिला अस्पताल, रुद्रपुर): डॉ. पूर्वी प्रजापति
• पौड़ी गढ़वाल(उप जिला अस्पताल): डॉ. प्रिंसी
दूसरा चरण: चार पहाड़ी जिलों में तैयारी
• रुद्रप्रयाग(जिला अस्पताल): डॉ. शिवम रावत
• नैनीताल(उप जिला अस्पताल): डॉ. निशिकांत
• टिहरी(जिला अस्पताल): डॉ. अक्षत थापा
• चमोली(जिला अस्पताल): डॉ. नैंसी