उत्तराखंड: ​आपदा से लड़ने को तैयार देवभूमि: आधुनिक तकनीक और हाईटेक सिस्टम से लैस हो रहा उत्तराखंड का आपदा प्रबंधन, मुआवजा राशि भी हुई दोगुनी

​उत्तराखंड: प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, पूर्व चेतावनी प्रणाली और प्रशिक्षित मानव संसाधन के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

स्थापित किए सेंसर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके तहत प्रदेशभर में 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित करने के साथ ही 434 से अधिक सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, वर्ष 2020-21 से 2025-26 के बीच 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 2.69 लाख से अधिक लोगों को आपदा से निपटने का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रदेश में मौसम और जलस्तर की सटीक निगरानी के लिए लगाए गए 525 सेंसरों में 432 मौसम सेंसर, 87 जल विज्ञान सेंसर, तीन डॉप्लर मौसम रडार और बिजली गिरने की चेतावनी देने वाले तीन सेंसर शामिल हैं। चमोली जिले के वसुधारा ताल में राज्य की पहली सेंसर आधारित हिमनद झील पूर्व चेतावनी प्रणाली भी स्थापित की गई है। इसके अतिरिक्त ‘भूदेव’ व ‘सचेत’ ऐप, आपातकालीन सेवा 112 और सेल ब्रॉडकास्ट प्रणाली के जरिए अलर्ट भेजे जा रहे हैं।
​

​आपदा प्रभावितों के लिए बढ़ी सहायता राशि

• ​मृत्यु पर अनुग्रह राशि: 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये प्रति व्यक्ति।
• ​गंभीर दिव्यांगता: 2.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 3.20 लाख रुपये।
• ​पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकान (मैदानी क्षेत्र): 1.20 लाख से बढ़ाकर 1.60 लाख रुपये।
• ​पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकान (पहाड़ी व दुर्गम क्षेत्र): 1.30 लाख से बढ़ाकर 1.70 लाख रुपये।
• ​फसल क्षति (वर्षा आधारित): 8,500 रुपये से बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रति हेक्टेयर।
​