अल्मोड़ा: प्रदेशभर में आगामी 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इसी कड़ी में जनपद अल्मोड़ा की सभी तहसीलों और ब्लॉकों में कुल 10 स्थानों पर आपदा प्रबंधन से जुड़े मॉक अभ्यास आयोजित किए जाएंगे।
दी यह जानकारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में होने वाले इस आयोजन की तैयारियों के तहत मंगलवार को एसडीआरएफ (SDRF) और अग्निशमन विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को आपदाओं के समय अपनाए जाने वाले बचाव के तरीकों, सुरक्षा उपायों और प्राथमिक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशासन के अनुसार, 28 नवंबर को होने वाले मॉक अभ्यास में भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, सड़क दुर्घटना, वनाग्नि, हिमपात, आपातकालीन स्थितियों और भीड़ प्रबंधन से निपटने का अभ्यास किया जाएगा। इस अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, राहत एवं बचाव दलों, सैन्य बलों तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों (एनजीओ) की भागीदारी रहेगी। इस मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाना, त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करना तथा आम लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक करना है।