उत्तरकाशी: पवाणी अग्निकांड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लिया नुकसान का जायजा, प्रत्येक प्रभावित परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता का किया ऐलान

​उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील स्थित पवाणी गांव पहुंचकर अग्निकांड प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और घटना से हुए नुकसान का जायजा लिया।

नुकसान का जायजा

जानकारी के अनुसार पीड़ितों की पीड़ा सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत और वास्तविक आकलन कर प्रभावितों को त्वरित सहायता व आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रमुख बिंदु इस प्रकार रहे

• ​सुरक्षित आवास: सर्दी के मौसम और क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित एवं समुचित आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को प्रतिकूल मौसम में परेशानी न हो।
• ​6 माह का राशन: अग्निकांड में घरों के साथ ग्रामीणों का छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। खाद्यान्न संकट से बचाने के लिए आगामी छह माह के राशन की समुचित व्यवस्था की जाए।
• ​बच्चों की पढ़ाई: आपदा के कारण किसी भी बच्चे की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए; आवश्यकतानुसार विद्यालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
• ​प्राथमिकता: बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य दैनिक आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए।


​रहें मौजूद

​सीएम धामी ने कहा कि पवाणी गांव की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए वहां जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे। इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश लाल ने भी प्रभावित ग्रामीणों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मौके पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।