रुद्रप्रयाग: संविधान दिवस पर पुलिस ने लिया संवैधानिक मूल्यों की रक्षा एवं राष्ट्र सेवा का संकल्प, कार्यक्रम का आयोजन

रूद्रप्रयाग: आज दिनांक 26 नवम्बर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन एवं जनपद की समस्त कोतवालियों एवं पुलिस चौकियों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

लिया यह संकल्प

इस अवसर पर पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना एवं उद्देशिका का वाचन/शपथ करायी गया। वहीं पुलिस लाइन में प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन तथा जनपद की समस्त कोतवालियों एवं पुलिस चौकियों में सम्बन्धित कोतवाली प्रभारी एवं चौकी प्रभारियों द्वारा पुलिसकर्मियों को संविधान की प्रस्तावना एवं उद्देशिका का वाचन/ शपथ कराया गया। इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संवैधानिक मूल्यों की रक्षा एवं राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्शों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करने तथा आमजन के अधिकारों एवं सम्मान की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए आमजन की सेवा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

देता है प्रेरणा

उल्लेखनीय है कि 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाया जाता है। यह दिवस हमें संविधान के आदर्शों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरुक रहने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है