नैनीताल: वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात और डायवर्जन प्लान जारी किया है।
डायवर्जन प्लान
यह व्यवस्था शनिवार (28 नवंबर) और रविवार (29 नवंबर) को प्रभावी रहेगी, ताकि क्षेत्र में जाम की स्थिति से बचा जा सके।
• भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध: दोनों दिन सुबह 3:00 बजे से रात 11:00 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा।
• कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों पर रोक: अवकाश के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी, सामान्य दोपहिया और पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बसों और चौपहिया वाहनों के लिए रूट डायवर्जन
• पहाड़ से मैदान की ओर: अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों को जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए जाएंगे।
• मैदान से पहाड़ की ओर: हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन खुटानी बैंड (भीमताल), धारी और धनाचूली बैंड मार्ग से गुजरेंगे।
• रानीखेत जाने वाले वाहन: काठगोदाम से रानीखेत की ओर जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से डायवर्ट कर मुक्तेश्वर-रामगढ़ मार्ग से भेजा जाएगा।
• स्थानीय वाहनों के लिए व्यवस्था: भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट से खैरना, गरमपानी या बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
• भीमताल से आने वाले वाहन: अल्मोड़ा, रानीखेत या कैंची धाम जाने के लिए नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल (भवाली) से आगे बढ़ेंगे।
पर्यटकों के लिए पार्किंग और शटल सेवा
कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं, जहां से श्रद्धालु शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंच सकेंगे।
1. भीमताल मार्ग से आने वाले वाहन: अपने निजी वाहन विकास भवन पार्किंग (भीमताल) में खड़े करेंगे और वहां से शटल सेवा लेंगे।
2. ज्योलीकोट-गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहन: अपने वाहन भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क करेंगे और वहां से शटल सेवा के जरिए मंदिर जाएंगे।
पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने सभी आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित रूट डायवर्जन, पार्किंग और शटल व्यवस्था का पालन करें, जिससे अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।