उत्तरकाशी: विकासखंड मोरी के पवाणी गांव में गत 24 नवंबर को हुए अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने और उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है।
दी यह सामग्री
जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर प्रभावित परिवारों के लिए ठंड से बचाव और दैनिक उपयोग से जुड़ी आवश्यक राहत सामग्री भेजी गई है। आज शनिवार को तहसीलदार मोरी के माध्यम से भेजी गई राहत सामग्री में निम्नलिखित सामान शामिल है। जिसमें
• बिस्तर व बैठने की सामग्री: 100 मैट्रस और 100 दरियां।
• ऊनी व गर्म कपड़े: 100 जोड़ी थर्मल (अपर-लोअर, कुल 200 नग), 100 जोड़ी गर्म कुर्ते-पायजामे (200 नग), 100 स्वेटर, 100 गर्म शॉल और 100 गर्म स्कार्फ।
• अन्य सामग्री: 100 जोड़ी अंडरगारमेंट (200 नग)।
दिए यह निर्देश
प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यह राहत सामग्री जल्द से जल्द पवाणी गांव तक पहुंचाकर प्रभावित परिवारों के बीच उसका पारदर्शी और त्वरित वितरण सुनिश्चित किया जाए। इस संबंध में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि अग्निकांड पीड़ितों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रभावितों की जरूरतों के अनुसार राहत व सहायता के सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों का जनजीवन शीघ्र सामान्य हो सके।