अल्मोड़ा ब्रेकिंग: सड़क के अभाव में गर्भवती महिला ने रास्ते में दिया बच्चे को जन्म, ग्रामीण महिलाओं ने कराया सुरक्षित प्रसव

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां धौलछीना में आज भी लोग स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं से वंचित है। ऐसे में लोगों को बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रास्ते में महिला ने बच्चे को दिया जन्म-

जानकारी के अनुसार यहाँ विकासखंड भैंसियाछाना के रिठागाड़ क्षेत्र अंतर्गत कनारीछीना के पतलचौरा गांव की 21 साल की प्रियंका बाणी पत्नी राजेंद्र सिंह वाणी को मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर सड़क सुविधा के अभाव में अस्पताल ले जाया जा रहा था। तभी आधी रात को पैदल रास्ते में महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। जिस पर गांव की ही कुछ बुजुर्ग महिलाओं तथा आशा के सहयोग से महिला ने अंधेरी सर्द रात मै बारिश के बीच खेतों में ही बच्चे को जन्म दे दिया। गनीमत रही कि जच्चा-बच्चा दोनों ही स्वस्थ हैं।

ग्रामीणों में रोष-

वही इस घटना से ग्रामीणों में जबरदस्त रोष है ग्रामीणों का कहना है कि पतलचौरा के लोग बरसों से सड़क की मांग कर रहे हैं। कई बार सर्वे का काम भी हो चुका है लेकिन शासन प्रशासन द्वारा हर बार उनकी मांग को अनसुना कर दिया जाता है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों की दिक़्क़ते बढ़ रही है।