रानीखेत से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां विधानसभा चुनावों के प्रचार के अंतिम दिन सियासत गरमा गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाए आरोप-
भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद नैनवाल ने रानीखेत कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि वह बीती शनिवार की रात करीब साढ़े दस बजे पार्टी की महिला व पुरुष कार्यकर्ताओं के साथ भतरौजखान स्थित अपने आवास की ओर जा रहे थे। तभी सौनी क्षेत्र में लगभग पांच-छह वाहनों में सवार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें जबरन रोक लिया और वाहनों में सवार कार्यकर्ताओं से मारपीट की। यहां तक की जान से मारने की धमकी भी दी गई। डा. नैनवाल ने इस संबंध में रिटर्निंग ऑफीसर को भी शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
शांतिभंग में कार्रवाई करते हुए उनका चालान काटा-
इस मामले में कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि उमेश बिष्ट, केशव कुमार, हरीश चंद आर्य सहित तीन लोगों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई करते हुए उनका चालान काटा गया है।
जानबूझकर कर खड़ा किया है विवाद- करन माहरा-
वही इस मामले में कांग्रेस प्रत्याशी करन माहरा ने भाजपा प्रत्याशी के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे चुनाव प्रभावित करने की साजिश करार दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि विवादों व लड़ाई-झगड़ों में हमेशा भाजपा प्रत्याशी नैनवाल के परिवार का ही नाम क्यों आता है। उनके भाई पर आपराधिक मुकदमा चल रहा है। माहरा ने नैनवाल पर जानबूझ कर विवाद खड़ा किया। साथ ही उन्होंने देर रात हुई घटना पर प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए।