रानीखेत में पर्यटक सीजन में पेट्रोल-डीजल की किल्लत पैदा होने से सैलानियों और क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार को भी नगर के एकमात्र पंप में पेट्रोल और डीजल समाप्त हो जाने से लोग ईंधन के लिए भटकते रहे। इससे जहां लोगों के जरूरी कार्य प्रभावित हुए, वहीं सैलानी भी नगर में फंस गए। शाम ईंधन पहुंचते ही पंप में वाहनों का भारी जमावड़ा लग गया।
पंप पर समाप्ति के लटके बोर्ड
विभिन्न क्षेत्रों में चल रही पेट्रोल, डीजल की किल्लत सोमवार को रानीखेत तक पहुंच गई। नगर के एकमात्र पेट्रोल पंप में सुबह पेट्रोल समाप्त हो गया। जबकि डीजल बीते रविवार शाम ही खत्म हो गया था और पंप पर समाप्ति के बोर्ड लटक गए।
लोग दिन भर वाहन ईंधन के लिए भटकते रहे
पीक पर्यटक सीजन में नगर में पेट्रोल, डीजल की किल्लत पैदा होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इन दिनों बड़ी संख्या में सैलानी भी वाहनों के साथ नगर में पहुंचे हैं। लेकिन पंप में ईंधन समाप्त से उन्हें परेशानियां झेलनी पड़ी। लोग पेट्रोल के लिए पूरे दिन परेशान रहे, काफी दिक्कतें उन्हें झेलनी पड़ी। ईंधन के अभाव में जहां लोगों के जरूरी काम अटक गए, वहीं, कई पर्यटक भी नगर में फंस गए। लोग दिन भर वाहन ईंधन के लिए भटकते रहे।
मारा-मारी के बाद लोगों को मिला ईंधन
इधर, शाम जैसे ही पेट्रोल पंप पर पेट्रोल, डीजल पहुंचा, ईंधन भराने के लिए पंप पर वाहनों का भारी जमावड़ा लग गया। घंटों की मशक्कत और मारा-मारी के बाद लोगों को ईंधन मिल पाया।