सुमित्रानंदन पंत जयंती पर कौसानी में बड़ा निर्णय, लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए नई समिति गठित

कौसानी: महान हिंदी साहित्यकार और प्रकृति के सुकुमार कवि सुमित्रानंदन पंत की जयंती के अवसर पर आज कौसानी में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक का आयोजन

इस मौके पर श्रीमद् भगवत गीता भवन के कैप्टन दौलत सिंह महरा व्याख्यान कक्ष में आयोजित इस बैठक में क्षेत्र के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बैठक की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चन्द्र खण्डूरी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
​पदाधिकारियों का चयन

इस बैठक में सर्वसम्मति से “सुमित्रानंदन पंत स्मृति एवं लोक संरक्षण समिति” का गठन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य कौसानी की साहित्यिक एवं लोक सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित और प्रोत्साहित करना है। समिति के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों का चयन भी किया गया, जो इस प्रकार हैं।
• ​अध्यक्ष: बलवन्त सिंह नेगी (जिला पंचायत सदस्य, कौसानी)
• ​उपाध्यक्ष: बच्चन आर्य (पूर्व प्रधान, कौसानी)
• ​उपाध्यक्ष (महिला): निर्मला महरा (ग्राम कौसानी)
• ​सचिव: डॉ. महेन्द्र सिंह महरा ‘मधु’ (कौसानी)
• ​उप सचिव:  रविन्द्र सिंह (पूर्व प्रधान, ग्राम कौसानी)
• ​कोषाध्यक्ष:  चन्द्रेश सिंह बिष्ट (ग्राम कौसानी)
• ​सदस्य:  कृष्ण कुमार सिंह महरा, श्री अनुल कुमार सिंह महरा और  पंकज सिंह (सभी ग्राम कौसानी)


​दिए जाएंगे दो प्रतिष्ठित पुरस्कार

​बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि कौसानी न केवल प्राकृतिक सौंदर्य का केंद्र है, बल्कि हिंदी साहित्य और लोक संस्कृति की एक समृद्ध धरोहर भी है। इस अनमोल धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए संगठित प्रयासों की बेहद जरूरत है। इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि समिति द्वारा प्रतिवर्ष 20 मई को दो विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पहला कौसानी की प्रथम कुमाउनी कवयित्री देवकी महरा के नाम पर पुरस्कार व दूसरा जाने-माने साहित्यकार यमुना दत्त वैष्णव ‘अशोक’ जी के नाम पर पुरस्कार।


​कौसानी में बनेगा भव्य ‘लोक भवन’

​सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए समिति ने कौसानी में एक भव्य ‘लोक भवन’ के निर्माण हेतु प्रयास करने का भी निर्णय लिया है। इस प्रस्तावित लोक भवन में एक थियेटर, आर्ट गैलरी और लोक व हिंदी साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़ी तमाम गतिविधियां संचालित की जाएंगी।


​रहे उपस्थित

​इस बैठक में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें अतुल सिंह महरा,  कमल सिंह नेगी, हरिविनोद सिंह महरा, कमल कोरंगा,  पूरन सिंह रावत, भुवन सिंह भण्डारी, पंकज गिरी,  सुमित गोस्वामी,  रविन्द्र नेगी और पवन सिंह महरा सहित समिति के नवनियुक्त पदाधिकारी व सदस्य शामिल रहें।