उत्तराखंड: आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) यात्रियों के लिए एक खास योजना शुरू करने जा रहा है।
दिशा-निर्देश जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिसमें अगले महीने की पहली तारीख से बस में जाने के साथ ही वापसी (रिटर्न जर्नी) का टिकट बुक कराने वाले और ग्रुप में सफर करने वाले यात्रियों को किराये में विशेष छूट दी जाएगी। रोडवेज प्रबंधन के अनुसार, यदि कोई यात्री जाने और वापस आने का टिकट एक साथ ऑनलाइन बुक करता है, तो उसे किराये में 10 फीसदी की छूट दी जाएगी। यह रियायत वॉल्वो, एसी और साधारण बसों समेत रोडवेज की सभी श्रेणियों की बसों में मिलेगी। प्रबंधन द्वारा इस संबंध में सभी डिपो को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उत्तराखंड परिवहन निगम की महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि रिटर्न जर्नी और ग्रुप टिकट बुकिंग पर रियायत की यह योजना पूरे त्योहारी सीजन के दौरान लागू रहेगी। इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ बसों में यात्री संख्या बढ़ाकर रोडवेज की आय में बढ़ोतरी करना है। यदि छह यात्री एक साथ समूह (ग्रुप) बनाकर यात्रा करते हैं, तो उन्हें टिकट बुकिंग पर स्लैब के अनुसार छूट मिलेगी।
• चौथे टिकट पर: 10% की छूट
• पांचवें टिकट पर: 12% की छूट
• छठे टिकट पर: 15% तक की छूट