भवाली (अल्मोड़ा): अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर आज बुधवार को एक सड़क हादसे में महिला घायल हो गयी। जब कैंची धाम क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों से बचने के चक्कर में एक महिला चालक ने कार पर से अपना संतुलन खो दिया, जिससे कार हाईवे से लगभग 50 मीटर नीचे शिप्रा नदी में जा गिरी।
महिला हुई घायल
मिली जानकारी के अनुसार रानीखेत निवासी कंचन अपनी कार (यूके 01बी 6284) से हल्द्वानी की ओर जा रही थीं। जैसे ही वह कैंची क्षेत्र के पास पहुंचीं, तभी भारी बारिश के कारण अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। पत्थरों की चपेट में आने से बचने की कोशिश में कार अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। वहीं आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही कैंची चौकी पुलिस और सीपीयू की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसी कंचन को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि समय रहते रेस्क्यू कर महिला को बचा लिया गया और घायल महिला को भवाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।