अल्मोड़ा: सफेद दीवार, नीली खिड़की और पीछे घूमता गुलदार, इस गांव में मची भारी अफरा-तफरी, बड़ी जनहानि टली​


अल्मोड़ा: विकासखंड हवालबाग के पिठौनी गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद पड़े मकान में अचानक गुलदार घुस गया।

गुलदार का आतंक

मिली जानकारी के अनुसार, पिठौनी गांव में एक मकान पिछले कई दिनों से बंद पड़ा था। शनिवार को जब कुछ ग्रामीण मकान के पास से गुजर रहे थे, तो उन्हें सफेद दीवारों वाले इस घर की नीली खिड़की के भीतर कुछ हलचल दिखाई दी। जिसके बाद घर के अंदर गुलदार के होने की खबर फैलते ही ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया और और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। डर के साए के बीच कई ग्रामीण अपने मोबाइल कैमरों से गुलदार का वीडियो बनाने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। हालांकि, वन विभाग की रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले ही गुलदार मौका पाकर भाग खड़ा हुआ। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों की मांग पर अब वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाने की तैयारी शुरू कर दी है।