अल्मोड़ा: देश के नायकों को नमन: 09 अगस्त को गूंजेगा क्रांति का उद्घोष, निकलेगी ‘सेनानी सम्मान यात्रा’, तैयारियां शुरू

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आज रविवार को संपन्न हुई।

बैठक का आयोजन

इस बैठक में जहां संगठन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके निराकरण पर गहन मंथन हुआ, वहीं आगामी 9 अगस्त को ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की स्मृति में एक भव्य ‘स्वतंत्रता सेनानी सम्मान यात्रा’ निकालने का बड़ा निर्णय लिया गया। संगठन ने इसके सफल आयोजन के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।नगर के मालरोड स्थित ऐतिहासिक गांधी पार्क में आयोजित इस बैठक में यात्रा के सफल और ऐतिहासिक आयोजन को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। संगठन ने इस गौरव यात्रा को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए समाज के हर वर्ग को इससे जोड़ने का संकल्प लिया है। यात्रा में अल्मोड़ा के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों और सभी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया जाएगा। प्रत्येक स्वतंत्रता सेनानी परिवार के उत्तराधिकारियों को इस यात्रा से विशेष रूप से जोड़ा जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को देश के नायकों के बलिदान और संघर्ष से रूबरू कराया जा सके।

रहें उपस्थित

इस बैठक में उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन प्रदेश उपाध्यक्ष कमल पांडे, संरक्षक किशन चंद्र जोशी, कैलाश वर्मा, पुष्पा गैलाकोटी, पार्वती बिष्ट, बद्री दत्त पांडे, सरस्वती राणा, विपिन चंद जोशी, राजेंद्र गढ़ाकोटी, शिवेंद्र गोस्वामी, विनय कुमार पांडे सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।