स्याल्दे (अल्मोड़ा): अल्मोड़ा जिले के सल्ट तहसील अंतर्गत स्याल्दे ब्लॉक क्षेत्र में गुलदार का आतंक बना हुआ है। अब यहां गुलदार ने मवेशियों के लिए घर से कुछ दूर घास लेने गई एक 22 वर्षीय युवती पर हमला कर दिया।
दरांती से वार कर बचाई जान
मिली जानकारी के मुताबिक बबलिया ग्राम पंचायत के मयाल तोक निवासी हर सिंह कत्यूरा की 22 वर्षीय पुत्री सुनीता गुरुवार देर शाम घर के पास घास लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। जिसके बाद युवती ने शोर मचाकर परिजनों और ग्रामीणों को मदद के लिए पुकारा और हाथ में मौजूद दराती से गुलदार से भिड़ गईं। युवती के चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों का शोरगुल सुन कर गुलदार युवती को घायल अवस्था में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद परिजनों ने घायल युवती को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) देघाट में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बढ़ाई गश्त
सामाजिक कार्यकर्ता सुमित सिंह मनराल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पहुंची। वन अनुभाग अधिकारी चंद्रशेखर त्रिपाठी, बीट अधिकारी पंकज सिंह बिष्ट, किशोर कुमार आर्या और बलवीर सिंह समेत अन्य वन कर्मियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। विभाग की ओर से एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में ट्रैप कैमरे और पिंजरे लगाए जा रहे हैं, साथ ही गांव में गश्त भी तेज कर दी है।