अल्मोड़ा: सावधान: गूगल से शॉपिंग ऐप का कस्टमर केयर नंबर निकालना पड़ा भारी, वीडियो कॉल पर क्रेडिट कार्ड दिखाते ही महिला के साथ हुई ठगी

अल्मोड़ा: रानीखेत (चिलियानौला): डिजिटल दौर में गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर ढूंढना एक महिला के लिए भारी पड़ गया और महिला ठगी का शिकार हो गई।

जानें पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार चिलियानौला निवासी महिला ने बीते 15 जून को ‘सवाना’ (Savana) ऑनलाइन शॉपिंग ऐप से एक प्रोडक्ट ऑर्डर किया था। सामान पसंद न आने या किसी अन्य कारण से महिला ने उसे वापस (रिटर्न) कर दिया। इसके बाद, अपने रिफंड की स्थिति जानने के लिए महिला ने गूगल पर संबंधित शॉपिंग ऐप का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया।
​गूगल पर मिले फर्जी नंबर पर जैसे ही महिला ने संपर्क किया, तो दूसरी तरफ मौजूद साइबर ठग ने उन्हें झांसे में ले लिया। ठग ने रिफंड की प्रक्रिया पूरी करने के बहाने महिला से व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल करने को कहा। वीडियो कॉल के दौरान महिला को अपनी बातों में उलझाया और उनसे बैंक का क्रेडिट कार्ड दिखाने को कहा। जैसे ही महिला ने कैमरे के सामने अपना क्रेडिट कार्ड किया, जालसाजों ने स्क्रीन रिकॉर्डिंग या कार्ड की गोपनीय डिटेल्स (जैसे कार्ड नंबर और सीवीवी) नोट कर ली। इसके तुरंत बाद महिला के मोबाइल पर मैसेज आया कि उनके खाते से ₹33,990 कट चुके हैं। ठगी का अहसास होते ही महिला ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मुकदमा दर्ज

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल भुवन चंद्र जोशी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और साइबर सेल की टीमें मामले की विस्तार से जांच कर रही हैं।