अल्मोड़ा: दिवाली-धनतेरस पर अल्मोड़ा के बाजारों में रहेगी रौनक, 08 नवंबर रविवार को भी खुले रहेंगे सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान

​अल्मोड़ा: दीपावली और धनतेरस के पावन त्योहार को देखते हुए अल्मोड़ा के व्यापारियों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिस पर ग्राहकों की पसंद और मांग को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने भारी मात्रा में नया सामान अपनी दुकानों में सजाया है।

लिया यह फैसला

इस बीच देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने व्यापारियों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। आगामी रविवार, 8 नवंबर 2026 को साप्ताहिक अवकाश के दिन भी अल्मोड़ा के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान आम दिनों की तरह खुले रहेंगे। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय साह (रिक्खू) ने बुधवार (4 नवंबर 2026) को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष दीपावली और धनतेरस पर पिछले सालों की तुलना में अधिक व्यापार होने की उम्मीद है।

​लोन और कर्ज चुकाने में मिलेगी आर्थिक मदद

संजय साह ने कहा कि कई व्यापारियों ने अपने व्यवसाय को बढ़ाने के लिए बैंकों से लोन लिया है या रिश्तेदारों से कर्ज उठाया है। दिवाली सीजन में बेहतर बिक्री होने से व्यापारियों को अपने परिवारों के भरण-पोषण के साथ-साथ वित्तीय देनदारियों को चुकाने में बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। इसी व्यापारिक माहौल और ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 8 नवंबर (रविवार) का साप्ताहिक अवकाश निरस्त कर बाजार खोलने का निर्णय लिया गया है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने मां लक्ष्मी से प्रार्थना करते हुए सभी अल्मोड़ा वासियों और व्यापारी बंधुओं के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और व्यापार में उन्नति की कामना की है।