अल्मोड़ा: आज सीएम धामी का अल्मोड़ा भ्रमण: सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर, ड्यूटी में कोताही बर्दाश्त नहीं

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में आज दिनांक 06.06.2026 को जनपद अल्मोड़ा में प्रस्तावित मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी के भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने हेतु सुरक्षा ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई।

दिए यह निर्देश

जिस पर एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह एवं अन्य उच्चाधिकारियों द्वारा हवालबाग में सुरक्षा ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ब्रीफिंग के दौरान सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य के अनुरूप पूर्ण सतर्कता, सजगता एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया। अधिकारियों द्वारा ड्यूटी पर नियुक्त कार्मिकों को समय से पूर्व ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, ड्यूटी क्षेत्र एवं आसपास के स्थानों का गहन निरीक्षण करने, पहचान पत्र एवं ड्यूटी कार्ड साथ रखने तथा प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच सुनिश्चित करने, ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनावश्यक प्रयोग न करने तथा ड्यूटी समाप्ति तक अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर बने रहने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।