हल्द्वानी: अमेज़न डिलीवरी स्टोर में भीषण आग, दम घुटने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत



हल्द्वानी: हल्द्वानी से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहाँ बीते कल शुक्रवार देर रात एक अमेज़न डिलीवरी स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई।

दो लोगों की मौत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हादसे में स्टोर के अंदर सो रहे दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब दोनों कर्मचारी स्टोर के भीतर सो रहे थे और दुकान का शटर बाहर से बंद था। आग लगने के बाद अंदर फंसे कर्मचारियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। आशंका जताई जा रही है कि कमरे में धुआं भरने और दम घुटने के कारण दोनों की मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और दोनों शवों को बाहर निकाला गया। वहीं मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। शुरुआती कयास शॉर्ट सर्किट के लगाए जा रहे हैं, लेकिन असली वजह जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।