अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी और पुलिस कर्मचारी सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन का आयोजन
इस बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, आगामी चुनावों की तैयारियों और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कई अहम निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि थाना क्षेत्रों में अकेले रह रहे बुजुर्गों और एकल व्यक्तियों से नियमित मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी जाए और समस्याओं का समाधान किया जाए। इसके साथ ही बीट पुलिसिंग को और मजबूत करते हुए ई-बीट बुक को अपडेट रखने और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को चिन्हित करने की बात भी कही गई है।
नशा तस्करों और गैंगस्टरों पर कसेगा शिकंजा
आगामी चुनावी वर्ष के मद्देनजर स्मैक, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, गैंगस्टरों और आदतन अपराधियों की संपत्तियों का ब्यौरा जुटाकर जब्तीकरण की कार्रवाई करने और निरोधात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण और यातायात सख्ती
बैठक में लंबित विवेचनाओं और माल मुकदमाती वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया। महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
हेड कांस्टेबल विरेन्द्र पाल बने ‘Employee of the Month’
उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस कर्मियों को सम्मानित भी किया गया। थाना सल्ट क्षेत्र में 38.220 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करने में सराहनीय योगदान देने वाले हेड कांस्टेबल विरेन्द्र पाल को ‘Employee of the Month’ चुना गया। इसके अलावा, विभिन्न श्रेणियों में बेहतरीन कार्य करने वाले 15 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
रहें उपस्थित
इस दौरान गोष्ठी में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।