अल्मोड़ा: नगर क्षेत्र में स्वीकृत रूटों पर ई-रिक्शा संचालन सुनिश्चित करवाए जाने को लेकर प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है।
दिए यह निर्देश
उपजिलाधिकारी (सदर) अल्मोड़ा संजय कुमार ने इस संबंध में संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ), अल्मोड़ा को पत्र जारी कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। जारी पत्र में अल्मोड़ा शहर में शिखर तिराहे से धारानौला स्टेशन तक राज्य परिवहन आयुक्त, उत्तराखण्ड शासन से प्राप्त अनुमति के उपरांत स्वीकृत किए गए मार्गों पर ई-रिक्शा संचालित करने का उल्लेख किया गया है।
किया था यह अनुरोध
दरअसल, अल्मोड़ा के अधिवक्ता कवीन्द्र पंत ने 3 सितंबर 2026 को एक प्रार्थना पत्र देकर स्वीकृत रूटों पर ई-रिक्शा संचालन करवाए जाने का अनुरोध किया था। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी ने संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे अल्मोड़ा नगर क्षेत्रान्तर्गत ई-रिक्शा संचालनकर्ताओं से वार्ता करें। इसके साथ ही अपर परिवहन आयुक्त उत्तराखण्ड के कार्यालय पत्र (दिनांक 16 सितंबर 2026) तथा संयुक्त परिवहन आयुक्त उत्तराखण्ड के पत्र (दिनांक 17 जनवरी 2025) में स्वीकृत किए गए मार्गों/रूटों पर ई-रिक्शा संचालन की कार्यवाही नियमानुसार सुनिश्चित करवाएं।
प्रशासन ने इस पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी अल्मोड़ा तथा संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), अल्मोड़ा को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की है। प्रशासन के इस कदम के बाद अब शहरवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही शिखर तिराहे से धारानौला मार्ग सहित अन्य स्वीकृत रूटों पर ई-रिक्शा की सुविधा सुचारू रूप से मिल सकेगी।