अल्मोड़ा: साइबर ठग को अपना ‘फूफा’ समझ बैठी पीड़िता, ‘आवाज’ का झांसा देकर महिला से हजारों की ठगी

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले में साइबर ठगों के ठगी का एक मामला सामने आया है। द्वाराहाट क्षेत्र के विद्यापुर में एक महिला ठग की आवाज को हूबहू अपने फूफा की आवाज समझ बैठी और ठगी का शिकार हो गई।

महिला के साथ ठगी

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, विद्यापुर निवासी हेमा देवी के मोबाइल फोन पर बीते दिनों एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने सीधे हेमा देवी का नाम लेकर उन्हें पुकारा। कॉलर की आवाज पीड़िता को हूबहू अपने मथुरा निवासी फूफा जैसी लगी। नाम और परिचित आवाज सुनकर महिला को जरा भी शक नहीं हुआ और उन्होंने सामान्य रूप से बातचीत जारी रखी। बातों-बातों में शातिर ठग ने महिला को अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने कहा कि— “मेरे बैंक खाते की लिमिट खत्म हो गई है और मुझे किसी को पैसे भेजने हैं। मेरा एक दोस्त तुम्हारे खाते में 45 हजार रुपये भेजेगा, तुम उसे मेरे बताए दूसरे नंबर पर ट्रांसफर कर देना।” महिला ने जैसे ही इसके लिए हामी भरी, उसके कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर 45 हजार रुपये क्रेडिट (आने) होने का एक फर्जी मैसेज भी आ गया। मैसेज देखने और पूरी तरह भरोसे में आने के बाद हेमा देवी ने अपने खाते से आरोपी द्वारा दिए गए दूसरे नंबर पर 45 हजार रुपये की पूरी रकम ट्रांसफर कर दी। रकम ट्रांसफर होते ही ठग का व्यवहार अचानक बदल गया और उसने फोन काट दिया। जिसके बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ।

जांच शुरू

जिसके बाद पीड़िता ने कोतवाली द्वाराहाट में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले में अज्ञात ठग के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और साइबर सेल की मदद से नंबर व बैंक खाते को ट्रैक कर जांच शुरू कर दी है।