उत्तराखंड: देहरादून को मिला नया ‘फील्ड कमांडर’: तेज-तर्रार आईएएस आशीष चौहान बने देहरादून के नए डीएम

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राजधानी देहरादून की कमान अब 2012 बैच के तेज-तर्रार व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. आशीष चौहान को सौंप दी है।

देहरादून की संभालेंगे कमान

सरकार ने उन्हें देहरादून का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। प्रशासनिक सख्ती, त्वरित जनसुनवाई और दूरदराज क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर जाकर काम करने की अपनी खास शैली के लिए आईएएस आशीष चौहान राज्य के सबसे सक्रिय अधिकारियों में गिने जाते हैं। मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले आईएएस आशीष चौहान ने इतिहास विषय से उच्च शिक्षा प्राप्त की है और पीएचडी (PhD) की मानद उपाधि भी हासिल की है। वे अप्रैल 2021 से जून 2021 तक उत्तराखंड परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक (MD) की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।


​पौड़ी से पिथौरागढ़ तक बनाई ‘फील्ड अफसर’ की खास छवि

​डॉ. आशीष चौहान के पास उत्तराखंड के दुर्गम और संवेदनशील जिलों का लंबा प्रशासनिक अनुभव है। वे इससे पहले पौड़ी, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जैसे चुनौतीपूर्ण जिलों में जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2025 में पौड़ी डीएम पद से स्थानांतरित होने के बाद वे यूकाडा (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निदेशक पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।