अल्मोड़ा: दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ चन्द्रशेखर द्विवेदी बने ‘हिंदुस्तान’ के कुमाऊं प्रभारी, दी गई भावभीनी विदाई

​अल्मोड़ा: उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन अल्मोड़ा द्वारा नगर निगम सभागार में एक गरिमामय विदाई व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह का आयोजन

यह कार्यक्रम दैनिक जागरण अल्मोड़ा के ब्यूरो चीफ वरिष्ठ पत्रकार चन्द्रशेखर द्विवेदी के पदोन्नत होकर ‘हिंदुस्तान’ समाचार पत्र में ‘कुमाऊं प्रभारी’ (हल्द्वानी) बनने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष जगजीवन बिष्ट ने की तथा संचालन दयाकृष्ण काण्डपाल द्वारा किया गया। समारोह में उपस्थित पत्रकारों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने चन्द्रशेखर द्विवेदी के पत्रकारिता क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर यूनियन की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई।
​

दी शुभकामनाएं

मुख्य अतिथि एवं जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “पत्रकारिता और सूचना विभाग का चोली-दामन का साथ है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुँचाने और जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष रखने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।” उन्होंने कहा कि चन्द्रशेखर द्विवेदी ने अपने पूरे कार्यकाल में इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया है। अपने सम्मान और विदाई संदेश में वरिष्ठ पत्रकार चन्द्रशेखर द्विवेदी ने कहा, “यदि समाचार पत्रों में समाज की छोटी-छोटी समस्याओं को प्रमुखता से स्थान दिया जाए, तो इससे बड़े-बड़े मुद्दों के समाधान का मार्ग प्रशस्त होता है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी जनसमस्याओं को खबरों के माध्यम से अधिकारियों तक पहुँचाकर जनहित में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने उन्हें नई जिम्मेदारी और प्रोन्नति पर बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं।

​रहें उपस्थित

​कार्यक्रम में उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष जगजीवन बिष्ट, प्रदेश पार्षद दयाकृष्ण काण्डपाल, महासचिव दयानन्द कठैत, जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह के साथ वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र रावत, रमेश जोशी, कमलेश कनवाल, शिवेन्द्र गोस्वामी, मोहित अधिकारी, चन्दन नेगी, राजेन्द्र धानिक, ललित भट्ट, अमित उप्रेती, एम डी खान, नसीम अहमद, वैभव जोशी, वैभव जायसवाल सहित अनेक पत्रकार व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
​