अल्मोड़ा: अवैध दवाओं के खिलाफ विभाग का सख्त एक्शन, एक मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद्द करने की संस्तुति


अल्मोड़ा: जनपद में दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षित बिक्री सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रानीखेत क्षेत्र में छापेमारी की है। ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी के नेतृत्व में यह सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।

अनियमितताओं पर विभाग सख्त

निरीक्षण के दौरान विभाग ने क्षेत्र के कई मेडिकल स्टोरों की जांच की। इस दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए एक औषधि प्रतिष्ठान (मेडिकल स्टोर) के लाइसेंस को निलंबित या निरस्त करने की सिफारिश की है। जांच में गंभीर खामियां मिलने के बाद तीन अन्य मेडिकल स्टोरों पर तत्काल प्रभाव से औषधियों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है। इन प्रतिष्ठानों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे जब तक कमियों को दूर नहीं कर लेते और नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित नहीं करते, तब तक बिक्री नहीं कर सकेंगे।

इन नियमों का पालन अनिवार्य

औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। जिसमें प्रतिष्ठानों में पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनिवार्य रूप से नियमित उपलब्धता सुनिश्चित हो। दवाओं की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड नियमों के अनुरूप रखा जाए।लाइसेंस की शर्तों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने चेतावनी दी है कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। विभाग का यह अभियान जारी रहेगा।