अल्मोड़ा: निर्वाचन कार्यों में पारदर्शिता के लिए बीएलओ व आईटी वॉलेंटियर्स को दिया गया डिजिटल और तकनीकी प्रशिक्षण

अल्मोड़ा: जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु आज जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) एवं आईटी वॉलेंटियर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण का आयोजन

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किए जाने वाले कार्यों, गणना प्रपत्रों के सही ढंग से भरने, मतदाता सत्यापन प्रक्रिया, घर-घर सर्वेक्षण तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आईटी वॉलेंटियर्स को डिजिटल माध्यमों के उपयोग, डेटा अपलोडिंग तथा तकनीकी सहायता संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को कार्यक्रम के प्रत्येक चरण की जानकारी देते हुए निर्वाचन संबंधी कार्यों को पूर्ण जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा इसमें बीएलओ एवं आईटी वॉलेंटियर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।