अल्मोड़ा: जिला अस्पताल में विशेषज्ञ के पद पर कार्यरत डॉ. सोनाली जोशी का स्थानांतरण, ई.एन.टी. सेवाओं पर बताया संकट

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जिला अस्पताल में नाक, कान, गला (ई.एन.टी.) विशेषज्ञ के पद पर कार्यरत डॉ. सोनाली जोशी का स्थानांतरण हो गया है। उनका अचानक स्थानांतरण पौड़ी कर दिया गया है‌। इससे अल्मोड़ा जिले में ई.एन.टी. सेवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।

ई.एन.टी. सेवाओं का भविष्य अधर में

जिस पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय कुमार पाण्डे ने इस स्थानांतरण के फैसले को असंवेदनशील और जनहित के खिलाफ करार दिया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से डॉ. सोनाली जोशी को अल्मोड़ा में स्थायी रूप से नियुक्त करने की मांग की है। जिससे‌जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनी रहे। संजय पाण्डे ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर की गई शिकायत के बाद, विभागीय अधिकारियों द्वारा एक लिखित राजीनामा प्रस्तुत किया गया था, जिसे फोटो और वीडियो के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री को भेजा गया था। इसके बाद ही अस्पताल में ई.एन.टी. ऑपरेशन शुरू हो पाए थे। लेकिन अब, डॉ. सोनाली जोशी के स्थानांतरण से इन सेवाओं का ठप्प होना तय है।

अल्मोड़ा जिला अस्पताल में दो पद स्वीकृत

बताया कि जिला अस्पताल में एक पद पर डॉ. हरीश चंद्र गड़कोटी कार्यरत हैं, जो मुख्य चिकित्सा अधीक्षक भी हैं और केवल सामान्य ओपीडी मरीजों का इलाज कर रहे हैं। दूसरा पद, जिस पर डॉ. सोनाली जोशी कार्यरत थीं, रिक्त हो चुका है, और इसके स्थानांतरण के बाद अस्पताल में कोई स्थायी ई.एन.टी. विशेषज्ञ नहीं है।

डॉ. सोनाली जोशी के स्थानांतरण को रद्द करने की मांग

मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अल्मोड़ा से संजय पाण्डे की मुलाकात में यह स्पष्ट हुआ कि उन्हें डॉ. सोनाली जोशी के स्थानांतरण का कोई आदेश नहीं मिला है, और न ही इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी दी गई है। इससे यह प्रतीत होता है कि यह कदम बिना उचित समन्वय और अल्मोड़ा के स्वास्थ्य संकट को समझे लिया गया है। जिस पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय पांडे ने कहा कि यदि स्वास्थ्य विभाग इस स्थानांतरण आदेश को तुरंत रद्द नहीं करता, तो हम जन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री, मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य और अन्य संबद्ध अधिकारियों से तत्काल इस निर्णय को रद्द करने और डॉ. सोनाली जोशी को अल्मोड़ा में स्थायी नियुक्ति देने का आग्रह किया है।