अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जनपद में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और सामाजिक जागरूकता को लेकर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है।
इसी क्रम में शुक्रवार को चौखुटिया कोतवाली पुलिस टीम ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मासी और बाखली मैदान में छात्राओं व स्कूली बच्चों के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों में बच्चों को नए कानूनों और ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए गए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय ठगी के नए तरीकों के प्रति सचेत किया। किसी भी तरह की धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में संपर्क करने की सलाह दी गई।
नन्हे-मुन्ने बच्चों को दिए जीवन मूल्य
बाखली मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने छोटे बच्चों को पढ़ाई के प्रति समर्पित रहने, अच्छी पुस्तकें पढ़ने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्राओं को नैतिक मूल्यों को अपनाने, गुरुजनों व माता-पिता का सम्मान करने का संदेश दिया गया।
महिला कोतवाली ने कस्बा अल्मोड़ा में चलाया अभियान
दूसरी ओर, महिला कोतवाली पुलिस टीम ने भी कस्बा अल्मोड़ा के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर आम जनमानस को महिला सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और नागरिकों के अधिकारों व कर्तव्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
ज़रूरी हेल्पलाइन नंबर जारी
पुलिस टीम ने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए निम्नलिखित नंबर साझा किए।
• आपातकालीन सेवा: 112
• साइबर हेल्पलाइन: 1930
• चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
• आपदा हेल्पलाइन: 1070
• मानस (नशा मुक्ति) हेल्पलाइन: 1933