अल्मोड़ा: मछली बाजार में बहस के बाद मीट की दुकान से चापड़ उठाकर व्यापारी पर बोला हमला, गल्ले से नकदी भी पार, आरोपी पर FIR दर्ज

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा नगर के व्यस्तम मछली बाजार क्षेत्र में एक व्यापारी पर धारदार हथियार से हमला करने और दुकान के गल्ले से नकदी लूटने का मामला सामने आया है।

जानें क्या है मामला

इस संबंध में पीड़ित व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज की है। की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।‌ पुलिस को सौंपी गई तहरीर के अनुसार, राजपुरा निवासी पीड़ित व्यापारी परवेज खान बीते बुधवार रात अपनी दुकान पर मौजूद थे। इस दौरान कुछ ग्राहक सामान खरीद रहे थे कि तभी आरोपी मनीष कुमार वहां पहुंचा और बिना किसी कारण विवाद करने लगा। बताया कि विरोध करने पर आरोपी ने व्यापारी के साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। हाथापाई के दौरान आरोपी ने पास की एक मीट की दुकान से धारदार चापड़ उठाया और व्यापारी पर अचानक हमला बोल दिया। इस हमले में परवेज खान को शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

​गल्ले से नकदी लूटने का आरोप

​पीड़ित का आरोप है कि हमले के साथ-साथ आरोपी ने दुकान के गल्ले में रखी नकदी भी लूट ली। पीड़ित ने आरोपी से अपनी जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने बिना किसी बात के बहस शुरू की और जान से मारने की नीयत से चापड़ से हमला कर दिया। इस दौरान उसने दुकान के गल्ले से नकदी भी पार कर दी।

​पुलिस की कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी मनीष कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रहें मौजूद

इस मौके पर देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार, नगर अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’, जिला संगठन महामंत्री नीरज थापा ‘बिट्टू’, नगर महासचिव दीप चंद्र जोशी, नगर उपाध्यक्ष आनंद सिंह भोज, महिला नगर उपाध्यक्ष मनु गुप्ता, जिला मंत्री दिनेश कांडपाल, नगर उपसचिव अमन टकवाल, अनिल वर्मा, सुधीर गुप्ता, परवेज कुरैशी, किशन सिंह मल्ला, राजदीप सिंह, दया सागर, मुर्शद अख्तर, शावेज़ खान, परवेज खान, मोहम्मद यामीन अनश मौजूद रहें।