अल्मोड़ा: कलेक्ट्रेट मार्ग चौड़ीकरण पर जताया आभार, लंबित सड़कों व ई-रिक्शा संचालन पर डीएम से मिले अधिवक्ता कवींद्र पंत, समक्ष रखें यह अहम मुद्दें

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में सोमवार को अधिवक्ता कवींद्र पंत ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, लंबित सड़क निर्माण कार्यों तथा शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।

किया धन्यवाद

इस दौरान उन्होंने जनहित के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपे और पूर्व में पूर्ण हुए कार्यों के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित किया। अधिवक्ता कवींद्र पंत ने कलेक्ट्रेट रोड के चौड़ीकरण, सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य को समय पर पूर्ण करवाने के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा, उन्होंने बीते जून माह में दिए गए ज्ञापन के क्रम में कोषागार व तहसील से सटी लॉबी/वेटिंग एरिया में सामान रखने के लिए अलमारियां रखवाने पर भी जिलाधिकारी का धन्यवाद किया।
​लंबित ग्रामीण सड़कों के डामरीकरण की उठाई मांग

​मुलाकात के दौरान अधिवक्ता पंत ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बीते कई वर्षों से निर्माणाधीन तीन प्रमुख ग्रामीण सड़कों के लंबित निर्माण व डामरीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
• ​अघार-मटेला-रैखलधार सड़क
• ​शीतलाखेत-स्याहीदेवी सड़क
• ​खूंट-महारूद्रेश्वर सड़क
​उन्होंने मांग की कि संबंधित विभागों (पीएमजीएसवाई अल्मोड़ा एवं प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग) को इन सड़कों के सुधारीकरण व डामरीकरण के लिए तत्काल निर्देशित किया जाए। कवींद्र पंत ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने 08 जुलाई को दोनों विभागों के अधिशासी अभियंताओं से भी मुलाकात की थी। जिलाधिकारी ने मामले की पूरी जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


​ई-रिक्शा व सिटी बस संचालन को लेकर सौंपा ज्ञापन

​शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए अधिवक्ता पंत ने राज्य परिवहन आयुक्त उत्तराखण्ड शासन की अनुमति के अनुरूप शिखर होटल तिराहे से धारानौला तक ई-रिक्शा संचालन तत्काल सुनिश्चित कराने, अल्मोड़ा शहर के अन्य आंतरिक मार्गों पर भी ई-रिक्शा संचालन का विस्तार करने व धारानौला से सिटी बसों का संचालन नियमित रूप से शुरू करवाने की मांग की।


​अन्य प्रमुख विकास कार्यों पर हुई विस्तृत वार्ता

​अधिवक्ता पंत ने पूर्व में (मई माह में) दिए गए ज्ञापनों के संदर्भ में भी जिलाधिकारी से प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा की और जनहित में कार्य शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया। जिसमें कलेक्ट्रेट रोड के प्रारंभ में बने अस्थाई मलबा निस्तारण स्थल पर कम्युनिटी स्पेस बनाना। जिला न्यायालय परिसर के निकट सड़क किनारे निर्मित वाहन पार्किंग स्थल को टीन शेड से कवर करना। जजी-विकास भवन-कलेक्ट्रेट को जोड़ने वाले शॉर्टकट पैदल रास्तों की मरम्मत और दो नए सीढ़ीदार पैदल मार्गों का निर्माण (जिसका एस्टीमेट लोनिवि प्रांतीय खंड द्वारा तैयार किया जा चुका है)।‌ रानीधारा रोड पर सुरक्षा के दृष्टिगत रेलिंग लगाया जाना।

दिया सकारात्मक आश्वासन

जिलाधिकारी अल्मोड़ा ने सभी प्रस्तावों और ज्ञापनों पर संज्ञान लेते हुए यथाशीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।