अल्मोड़ा: अल्मोड़ा का सुरीला स्वर हुआ शांत: वरिष्ठ रंगकर्मी धीरू भाई के निधन से सांस्कृतिक जगत स्तब्ध, रंगकर्मियों ने दी अश्रुपूर्ण विदाई

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के वरिष्ठ सांस्कृतिक रंगकर्मी एवं संगीत साधक धीरेन्द्र आर्या ‘धीरू भाई’ के निधन से संपूर्ण सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

निधन पर जताया शोक

उनके निधन पर नगर के रंगकर्मियों और सांस्कृतिक प्रेमियों ने एक शोकसभा आयोजित कर उन्हें अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। शोकसभा में उपस्थित लोगों ने उनके निधन को अल्मोड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊँ मंडल की सांस्कृतिक दुनिया के लिए एक अपूरणीय क्षति करार दिया। शोकसभा के दौरान वक्ताओं ने धीरू भाई के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि वे वर्ष 1985 से धारानौला रामलीला से लगातार जुड़े रहे। वे रामलीला के संगीत पक्ष के प्रमुख शिल्पी थे, जिनके सुरीले गायन और कुशल निर्देशन ने वर्षों तक रामलीला को एक विशिष्ट पहचान दिलाई। इसके अतिरिक्त, वे कुमाऊँनी होली गायन के भी मुख्य गायकों में से एक थे। चम्पावत, लोहाघाट, पिथौरागढ़ और हल्द्वानी सहित पूरे कुमाऊँ क्षेत्र में उनकी मधुर आवाज के बिना सांस्कृतिक आयोजन अधूरे प्रतीत होते थे। अल्मोड़ा के सुप्रसिद्ध माँ नंदा देवी महोत्सव में भी उनकी सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी।‌ श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने धीरू भाई के बहुमुखी व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि बहुत कम लोग जानते हैं कि वे एक बेहतरीन एथलीट भी थे। संगीत के साथ-साथ वे 100 मीटर दौड़ और ‘समरसल्ट’ जैसी कठिन खेल विधाओं में भी काफी निपुण थे।

​शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग

​रंगकर्मियों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को यह असह्य दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। वक्ताओं ने चिंता जताते हुए कहा कि दिवंगत धीरू भाई के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। इसलिए शासन, प्रशासन और समाज को आगे आकर उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करना चाहिए। साथ ही, उनकी बेटी की प्रतिभा को देखते हुए उसे संगीत के क्षेत्र में उचित रोजगार उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की गई।

​दी श्रद्धांजलि

​शोकसभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस शोकसभा में मनोज वर्मा, मनोज सनवाल, तारा चंद्र जोशी, किशन गुरुरानी, हरीश कनवाल, दीपक जोशी, भूपाल मनराल, मुन्ना वर्मा, अनूप साह, हरीश बिष्ट, पार्षद अमित साह ‘मोनू’, पार्षद अर्जुन बिष्ट, रवि गोयल, मंटू भंडारी, गीता मेहरा, विमला बोरा, पार्षद अभिषेक जोशी, देवेन्द्र भट्ट, मीना भैसोडा, मेडी, पार्षद संजय जोशी, पार्षद गुड्डू भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, रंगकर्मी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।