अल्मोड़ा: गांवों से लेकर नगरों तक होली की धूम, हुक्का क्लब में आयोजित होली कार्यक्रम में कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने बंटोरी वाहवाही

होली सिर्फ रंगों का खेल नहीं, बल्कि खुशियों का एक साझा सैलाब है। अल्मोड़ा में भी होली पर्व की धूम जारी है। नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर पुरुषों व महिलाओं की होली महफिलें सज रही है।

होली का आयोजन

एक ओर जहां महिलाएं घर-घर में बैठकी होली कर रही है। वहीं, पुरूषों की खड़ी होली में शृंगार रस की धूम मच रही है। आज सोमवार को नगर के हुक्का क्लब में होली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि अल्मोड़ा को सांस्कृतिक राजधानी के रूप में पहचाना जाता है। उन्होंने कहा कि कुमाऊं में विशेषकर अल्मोड़ा की संस्कृति देश भर में प्रसिद्ध है। इसको संरक्षित करने के लिए ऐसे आयोजन कारगर सिद्ध होंगे।

कलाकारों की शानदार प्रस्तुति

इसके बाद लोक कलाकारों की टीम ने राधा-कृष्ण और फूलों की होली की शानदार प्रस्तुति से पूरा क्षेत्र सराबोर हो उठा। वहीं, विभिन्न सांस्कृतिक छटाएं भी देखने को मिली। होत्यारों ने शिव के मन माही बसे काशी…, जल कैसे भरूं जमुना गहरी, फागुनवा रंग भर लायो रे…., नंद का लाल रसिया होलिन…, आज नंद लाल संग खेलूंगी होली…, गजानन शंभू के नंदन तेरी जय हो और होली की आई बहार फागुन महीने में…, आदि होली गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों की खूब तालियां बटोरी।

रहें मौजूद

इस मौके पर मेयर अजय वर्मा, पूर्व विस उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, महामंत्री दर्शन रावत, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, देवेंद्र भट्ट, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री हरीश कनवाल, नवीन बिष्ट, मनीष जोशी, नीरज सांगा आदि लोग मौजूद रहे।